भारत जोड़ो यात्रा में छूटा जालन्धर से सांसद संतोख सिंह चौधरी का साथ, हार्ट अटैक से मौके पर हुई मौत
पंजाब में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का निधन हो गया। उन्हें हार्ट अटैक आया। इसके बाद उन्हें फौरन फगवाड़ा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि उनकी रास्ते में ही मौत हो चुकी है। इस खबर के बाद राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा रोक दी और उनको देखने के लिए अस्पताल पहुंचे। अभी अस्पताल के बाहर कांग्रेसियों की भीड़ लगी हुई है।

शनिवार सुबह यात्रा लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा से फगवाड़ा की तरफ जा रही थी। वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि 76 साल के संतोख राहुल से कुछ दूरी पर चल रहे थे। यात्रा में शामिल कांग्रेसियों ने दैनिक भास्कर को बताया कि 300 मीटर चलने के बाद सुबह 8.25 बजे अटैक आया। वे रुक गए और वहीं बैठ गए। लोगों ने उन्हें उठाया। करीब 20 मिनट बाद रास्ते में ही 8.45 बजे निधन हो गया।

