इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जत्थेदार परमजीत सिंह रायपुर AAP में शामिल
पंजाब के जालंधर में कैंट से स्थानीय विधायक परगट सिंह के करीबी पूर्व इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन जत्थेदार परमजीत सिंह रायपुर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। उन्हें चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा। उनके साथ अकाली दल से आप में शामिल हुए पूर्व विधायक जगबीर सिंह बराड़ भी थे।




इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जत्थेदार परमजीत सिंह रायपुर पहले शिरोमणि अकाली दल में थे। साल 2020 में उन्होंने बादलों का साथ छोड़ कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया था और अकाली दल से ही आए कांग्रेस के विधायक परगट सिंह का चुनाव में साथ दिया। जालंधर में विरोधी दल कांग्रेस पार्टी को झटके पर झटके दे रहे हैं। जब से लोकसभा उपचुनाव की घोषणा हुई है, नेताओं का एक पार्टी से दूसरी पार्टी में जाने का सिलसिला जारी है। हालांकि पार्टी के बड़े नेता एकजुटता दिखाते हुए रूठे नेताओं को मनाने की कोशिश भी कर रहे हैं लेकिन फिर भी मामला थम नहीं रहा है।





